कई दिनों फरार चल रहे रिश्वत लेने के आरोपी एमडीडीए के एई टीपी नौटियाल को विजिलेंस टीम ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
निर्देशन विजिलेंस अशोक कुमार के निर्देशन में चल रही भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम के चलते एई टीपी नौटियाल भ्रष्टचार के मामले में लिप्त पाए गए थे। विजिलेंस द्वारा फरार एई पर 20 हजार का इनाम भी रखा गया था।
नैनीताल हाईकोर्ट ने देहरादून में एक भवन को कंपाउंड कराने के एवज में रिश्वत लेने के आरोपी एमडीडीए के एई टीपी नौटियाल की गिरफ्तारी पर रोक लगाने के मामले में दायर याचिका खारिज की थी। न्यायमूर्ति सर्वेश कुमार गुप्ता की एकलपीठ के समक्ष सोमवार को मामले की सुनवाई हुई।
एमडीडीए देहरादून के एई टीपी नौटियाल ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने व एफआईआर को निरस्त करने की मांग की थी। मामले के अनुसार निरीक्षक सतर्कता सेक्टर देहरादून भास्कर लाल साह ने 3 फरवरी 2016 को याचिकाकर्ता सहित अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी कि शिकायतकर्ता लक्ष्मीचंद के माजरा स्थित भवन को कंपाउंड करने के एवज में एक लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों सुपरवाइजर एमडीडीए के अजय कुमार को पकड़ा गया था।
जांच के दौरान संज्ञान में आया कि एई टीपी नौटियाल के निर्देश पर अजय कुमार रिश्वत लेने गया था। पक्षों की सुनवाई के बाद एकलपीठ ने याचिकाकर्ता की गिरफ्तारी पर रोक लगाने से इनकार करते हुए याचिका को खारिज कर दिया था।
एई की गिरफ्तारी कराओ इनाम पाओ
विजिलेंस ने रिश्वत कांड में फरार चल रहे एमडीडीए के एई टीपी नौटियाल के बारे में जानकारी देने वाले को 20 हजार रुपये के नकद इनाम देने की घोषणा की थी। मामले की विवेचना कर रहे अधिकारी ने आरोपी के आवास का कुर्की आदेश कोर्ट से लेकर आगे की कार्रवाई भी शुरू कर दी थी।