सिसोदिया ने कहा कि पवित्रता की जब बात होती है तो गंगाजल की बात होती है, और गंगाजल की जब बात होती है तो गंगोत्री की बात होती है। उत्तराखंड की राजनीति की पवित्रता, ईमानदारी व उत्तराखंड की राजनीति में अब नई हवा चलेगी और उसकी शुरुआत गंगोत्री विधानसभा से होगी। उत्तराखंड की राजनीति गंगोत्री सीट तय करती है। गंगोत्री से जो राजनीति चलती है वह पूरे प्रदेश में चलती है।
उत्तराखंड के पहाड़ों में है बुरी स्थिति
सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड के पहाड़ों में बुरी स्थिति है। यहां स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में गर्भवती व प्रसूताएं दम तोड़ रही हैं। बच्चों के लिए स्कूल नहीं हैं। उत्तराखंड के लोग जिस राजनीतिज्ञ का इंतजार कर रहे थे, वह उन्हें गंगोत्री से मिल रहा है। गंगोत्री से ऐसा नेता मिल रहा है जो उत्तराखंड बनने के लिए जो सपने देखे थे, उन्हें पूरा करेगा।
आध्यत्यमिक व पर्यटन राजधानी बनने की पूरी क्षमताएं है उत्तराखंड में
मनीष सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड में आध्यत्मिक व पर्यटन राजधानी बनने की पूरी क्षमताएं हैं। लेकिन अभी तक इस संबंध में किसी भी सरकार ने कोई कार्य नहीं किया है। सरकारें व सरकार में बैठे लोग सभी अपने को धनी बनाते चले गए।
इस सीट को लेकर मिथक
गंगोत्री विधान सभा सीट के मिथक को लेकर आम आदमी पार्टी गंभीर है। इस सीट को लेकर मिथक है कि जिस पार्टी का इस सीट पर कब्जा होता है प्रदेश में उसी की सरकार बनती है। इसीलिए माना जा रहा है कि मनीष सिसोदिया पहाड़ में चुनावी अभियान की शुरुआत गंगोत्री सीट से कर रहे हैं और यह भी माना जा रहा है कि इसीलिए कर्नल कोठियाल के गंगोत्री से चुनाव लड़ने की विधिवत घोषणा की गई है।