महंत मायागिरी की अंतिम यात्रा में शामिल भक्त
श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत श्री श्री 108 माया गिरी महाराज को गाजे बाजे के साथ अंतिम विदाई दी गई। पल्टन बाजार स्थित जंगम शिवालय मंदिर आश्रम से जैसे ही महाराज की अंतिम यात्रा निकली बड़ी संख्या में शहरवासी रोते हुए पीछे-पीछे चल पड़े। अंतिम यात्रा के दौरान बैंड बाजे के बीच भजन गा कर महाराज को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इसके अलावा अंतिम यात्रा के दौरान जगह-जगह पर लोगाें ने फूलों की वर्षा की। अंतिम यात्रा आश्रम जंगम शिवालय, पलटन बाजार, धामावाला बाजार, हनुमान चौक, तिलक रोड, दून स्कूल, गढ़ी कैंट, टपकेश्वर कॉलोनी होते हुए पौराणिक टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। अंतिम यात्रा में दून के तमाम मंदिरों के महंत और पुजारी समेत बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे शामिल रहे। इसके बाद भू-समाधि के दौरान महाराज के दर्शन के लिए अनुयायियों का तांता लगा रहा।