एक अप्रैल से शुरू होने जा रहे कुंभ मेले में परिवहन विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी का चार्ट तैयार हो चुका है। अब विभाग मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की भव्य कुंभ की घोषणा के तहत बसों की संख्या बढ़ाने पर विचार कर रहा है। बदली हुई रणनीति के तहत परिवहन विभाग जल्द अधिकारियों की बैठक बुलाने जा रहा है।
परिवहन विभाग ने पहले तो कुंभ में श्रद्धालुओं की सीमित संख्या के चलते अपनी योजना तैयार कर ली थी, लेकिन इस बीच मुख्यमंत्री के पद पर तीरथ सिंह रावत की ताजपोशी हो गई। उन्होंने अपने पहले ही दौरे में साफ कर दिया कि कोई बंदिश नहीं होंगी, केवल कोविड गाइडलाइन का पालन करना होगा। इसके बाद परिवहन विभाग ने भी अपनी रणनीति बदल दी।
महाकुंभ 2021: हाइवे पर गलत साइड चले तो कंट्रोल रूम में आएगा अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर
अपर नोडल अधिकारी संदीप सैनी ने बताया कि एक-दो दिन में विभाग की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें बसों की संख्या बढ़ाने से लेकर कई मुद्दों पर अहम फैसला लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 25 मार्च से कुंभ मेला क्षेत्र में छह अस्थायी चेकपोस्ट शुरू हो जाएंगी। वहीं, कुंभ के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की 10-10 दिन के रोस्टर में ड्यूटी भी 25 मार्च से शुरू हो जाएगी। इसके तहत पहला रोस्टर 25 मार्च से पांच अप्रैल, दूसरा रोस्टर छह से 20 अप्रैल और तीसरा रोस्टर 21 से 30 अप्रैल के बीच लागू होगा।
परिवहन विभाग को मिले अतिरिक्त कर्मचारी
कुंभ में परिवहन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए कुंभ मेला प्रशासन की ओर से कर्मचारी उपलब्ध करा दिए गए हैं। इन सभी कर्मचारियों की ड्यूटी भी अलग-अलग चेकपोस्ट पर लगाई जाएगी। चेकपोस्ट पर वाहनों के दस्तावेज जांचने के साथ ही परिवहन विभाग की अन्य गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।
बसें बढ़ाने को रोडवेज भी तैयारी
कुंभ में बसों की संख्या बढ़ाने के लिए रोडवेज ने भी तैयारी शुरू कर दी है। परिवहन निगम के एमडी रणबीर सिंह चौहान ने कहा कि सरकार से जो भी निर्देश मिलेंगे, उसके तहत बसों की संख्या में इजाफा किया जाएगा। अलग-अलग राज्यों के लिए बस सेवा भी प्रभावी होने की संभावना है।