देश दुनिया के पर्यटकों को अब एक क्लिक पर पर्यटन की संपूर्ण जानकारी मिलेगी। मंगलवार को पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की सिंगल विंडो पोर्टल व नई वेबसाइट का शुभारंभ किया। महाराज ने कहा कि मौजूदा समय में टेक्नोलाजी का महत्वपूर्ण स्थान है। अब उत्तराखंड पर्यटन विभाग अपनी नई वेबसाइट के जरिये देश विदेश के पर्यटकों तक अपनी पहुंच बनाएगा। साथ ही यहां के पर्यटन स्थलों को विश्व के पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करेगा।
गढ़ीकैंट स्थित उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के सभागार में पर्यटन मंत्री ने उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड की नई वेबसाइट और सिंगल विंडो पोर्टल का शुभारंभ किया। इस मौके पर महाराज ने कहा कि वेबसाइट पर अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में नियमित रूप से जानकारी अपडेट की जाएगी। वहीं, सिंगल विंडो पोर्टल से पर्यटन क्षेत्र में निवेश की प्रक्रिया आसानी होगी। विभाग टूरिज्म इन्वेस्टर्स वेब पेज और टूरिज्म इन्वेस्टर्स सिंगल विंडो फैसिलिटेशन मैकेनिज्म भी लांच कर रहा है। जो उत्तराखंड में निवेश नीति को बढ़ावा देंगे।
महाराज ने कहा कि जो भी टूरिस्ट आएं उन्हें स्थानीय रेस्टोरेंट, होटल निर्धारित शुल्क पर ही खानपान की वस्तुएं उपलब्ध करवाएं। टैक्सी चालकों को उनके मोबाइल पर विभिन्न पर्यटन सर्किटों के साथ अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाए। पर्यटन मंत्री ने फुट मसाज के लिए किसी विशेषज्ञ से प्रशिक्षण दिए जाने के लिए भी पर्यटन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने कहा कि परिषद की नई वेबसाइट में स्पॉट कम्युनिकेशन, गाइड्स की सूची, ट्रैवल ऑपरेटर्स व यात्रा करने वालों के लिए लाइव चैटबोट की सुविधाएं हैं। सिंगल विंडो पोर्टल व नई वेबसाइट का लिंक
https://investuttarakhand-co/uttarakhandtourism/ है। इस मौके पर पर्यटन विभाग के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी आरएसमीणा, निदेशक पर्यटन प्रशांत आर्य, अपर निदेशक पूनम चांद, अपर निदेशक विवेक चौहान, उपनिदेशक योगेंद्र कुमार गंगवार, वरिष्ठ शोध अधिकारी एसएस सामंत, जयता चट्टोपाध्याय, अभिषेक श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।