फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी के मालिक के घर में लूट, भगवान की मूर्तियां तोड़ी, तेलगू में कर रहे थे बात

Mon, 23 Sep 2019 04:26 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उत्तराखंड की नामी अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी के मालिक आरपी ईश्वरन के घर में हुई लूट के मामले में कुछ तथ्य सामने आए हैं। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। 

विज्ञापन


फारेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल के आसपास वाहनों के टायरों के निशान भी लिए हैं। हालांकि, बताया जा रहा है कि घटना के वक्त बारिश हो रही थी। इसके चलते वाहनों के टायरों के निशान ठीक से नहीं मिल पाए हैं। पुलिस ने घटना से पहले और कुछ देर बाद वहां से गुजरने वाले वाहनों के नंबरों का ब्यौरा भी जुटाया है। पुलिस इन नंबरों को खंगालने में जुटी है।

ईश्वरन ने बताया कि बदमाशों ने घर में एक-एक चीज तोड़ डाली। यहां तक कि गणेश जी और अन्य भगवानों की मूर्तिया भी तोड़ डाली। बदमाश कह रहे थे कि यह मूर्तियां हीरे और सोने की हो सकती हैं।

विज्ञापन

तीन से अधिक संदिग्ध हिरासत में लिए

पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इसके अलावा घर में आने वाले एक ब्यूटी पार्लर को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस बदमाशों का हुलिया भी जानने का प्रयास कर रही है। एक्सपर्ट्स को इस बारे में बताकर बदमाशों का स्क्रैच तैयार किया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने बताया कि एक बदमाश की दाढ़ी थी और एक लंबी कद काठी का था।

बंगाल टीम के क्रिकेटर है ईश्वरन के बेटे

आरपी ईश्वरन के बेटे अभिमन्यु ईश्वरन उत्तराखंड में जाने पहचाने युवा क्रिकेटर हैं। वर्तमान में वे पश्चिम बंगाल की क्रिकेट टीम से खेलते हैं। एक बदमाश के पास चाकू था, जबकि तीन के पास पिस्टल थी।

पुलिस की चेकिंग पर सवाल

लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों के फरार होने से पुलिस की चौकसी पर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद बदमाश आसानी से फरार हो गए और कहीं भी पुलिस चेकिंग में पकड़ में नहीं आए। 

तेलगू में बात कर रहा था एक बदमाश

अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी के मालिक आरपी ईश्वरन मूल रूप से आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि बदमाशों में से एक टूटी-फूटी तेलगू भाषा में बात कर रहा था। बदमाश कह रहा था कि वह तेलगू जानता है। इस पर ईश्वरन ने उन्हें बताया कि वह तेलगू नहीं बल्कि तमिल भाषी हैं। इस पर बदमाशों ने उन्हें धमकाया भी।

पुलिस यह भी देख रही है कि आखिरकार बदमाश दक्षिण भारत की भाषा क्यों बोल रहा था। ऐसे में संदेह यह है कि बदमाश ईश्वरन परिवार के बारे में काफी कुछ जानते थे। ईश्वरन ने बताया कि बाकी बदमाशों की भाषा स्थानीय प्रतीत हो रही थी।

सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी ले गए बदमाश

मौका ए वारदात से ऐसा लगता है कि बदमाश लूट की घटना को अंजाम देने फूल प्रूफ प्लान बनाकर आए थे। बदमाशों ने लूट की वारदात करने के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। यही नहीं वह सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

सभी मोबाइल छीने, एक की लोकेशन जाखन में मिली

बदमाशों ने मकान में मौजूद सभी के मोबाइल भी अपने कब्जे में ले लिए। बदमाश वहां से पांचों मोबाइल भी लूटकर ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस और एसओजी ने बाद में इन मोबाइलों को सर्विलांस पर लिया। ट्रेस करने पर एक मोबाइल की लोकेशन जाखन के आसपास मिली। पुलिस देर रात इस मोबाइल को बरामद करने में जुटी थी।
विज्ञापन

चाबी क्यों छोड़ गए बदमाश? 

बदमाशों ने लूटपाट करने के बाद घर में मौजूद सभी पांच लोगों को बंधक बना लिया। फरार होने से पहले उन्होंने बाहर से दरवाजे पर ताला भी लगा दिया। लेकिन एक बात जो पुलिस के भी गले नहीं उतर रही कि आखिरकार बदमाश ताले की चाबी दरवाजे के बाहर छोड़कर क्यों गए। पुलिस इस सवाल का जवाब भी तलाश रही है।

आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले

पुलिस ने मैक्स अस्पताल समेत आसपास के घरों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। हालांकि जिस वक्त घटना का समय बताया जा रहा है, उस वक्त कोई वाहन ईश्वरन के घर के बाहर से निकलता नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में यह आशंका ज्यादा है कि बदमाश अपना वाहन दूर खड़ा कर घटनास्थल पर पहुंचे थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें