देर रात हथियारबंद करीब आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने हाईवे स्थित एक ढाबे पर ढाबा मालिक समेत उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई यात्रियों को बंधक बनाकर जमकर लूटपाट की।
बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक ढाबे पर तांडव मचाया। बदमाशों ने करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए और धमकी देकर फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश के लिए कांबिंग की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने तहरीर के आधार पर लूटपाट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित गुड़ मंडी के पास देवबंद तिराहे पर जयवीर का चौधरी ढाबा है। मंगलवार रात करीब दो बजे कई यात्री ढाबे पर चाय पी रहे थे।
इसी बीच आधा दर्जन नकाबपोश बदमाश आ धमके। बदमाशों ने सभी को हथियारों के दम पर बंधक बना लिया और ढाबा मालिक समेत यात्रियों व ट्रक चालकों से लूटपाट की। बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक ढाबे पर तांडव मचाया और फरार हो गए।
लूटपाट का मुकदमा दर्ज
वारदात की सूचना मिलते ही सीओ मंगलौर मनोज कुमार और कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने यात्रियों से मामले की जानकारी ली।
पता चला कि बदमाशों ने ढाबा मालिक जयवीर से 11 हजार, कारीगर से 4900 रुपये, यूपी के बागपत निवासी मोहम्मद राइल से 42 हजार, ट्रक चालक बागपत निवासी काला चौधरी से 2800 रुपये, रामपुर निवासी निशान सिंह से चार हजार, हरियाणा के झज्जर निवासी मनजीत सिंह से 7500, प्रवेंद्र से 7500 और पुट्टन लाल से सात हजार की नकदी लूट ली।
इसके बाद पुलिस ने आसपास हाईवे पर और जंगल में बदमाशों की तलाश के लिए कांबिंग की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर लूटपाट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।