लुटेरों ने आरपी ईश्वरन से कई जेवरात तो कहकर लिए। बदमाशों ने पोलकी सेट (महंगे रत्न से तैयार गहने) मांगा तो इश्वरन भी चौंक गए। जाहिर है कि उन्हें एक-एक जेवरात और कैश की जानकारी थी। बदमाश अपने साथ बड़ा बैग लेकर आए थे, जिसमें घड़ी, ज्वैलरी, मूर्तियां आदि सामान भरते गए।
पूरा बैग भरने के बाद बदमाशों ने कोठी से दूसरा बैग लेकर उसमें डब्बा पैक सामान भर लिया। एक बदमाश साथियों को बार-बार जल्दी निकलने को कह रहा था, लेकिन उसके साथियाें पर कोई असर नहीं पड़ा। पूरी तसल्ली से कोठी का हर कोना खंगालने के बाद ही बदमाश फरार हुए। आरपी ईश्वरन भी अचरज में हैं कि बदमाशों को इतनी जानकारी कैसे थी।
सूत्रों के मुताबिक आरपी ईश्वरन को कुछ माह पहले जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर इनकम टैक्स की टीम ने कैश, विदेशी मुद्रा और ज्वैलरी के साथ रोका था। उस समय ईश्वरन अपनी बेटी की शादी से लौैट रहे थे। इनकम टैक्स ने काफी समय तक उनकी जांच पड़ताल की थी। बाद में दस्तावेज उपलब्ध कराने पर आयकर विभाग ने उनकी ज्वैलरी वापस कर दी थी। लूटे गए गहनों में यह जेवरात भी शामिल हैं।
लूटपाट के दौरान बदमाशों ने बाथरूम की दीवारों और कमरे के फर्श को सिक्के से खटखटाकर देखा था। उन्हें उम्मीद थी कि दीवारों के अंदर और फर्श के नीचे रुपये और कीमती सामान दबा हो सकता है। हालांकि वहां से उन्हें कुछ नहीं मिला।
मसूरी रोड स्थित आरपी ईश्वरन के आवास पर रविवार रात घुसे चार हथियारबंद बदमाशों ने लाखों रुपये कैश और कीमती सामान लूट लिया था। कैश, विदेशी मुद्रा और कीमती सामान बैग में भरने के बाद भी लुटेरों को लग रहा था कि घर में और रुपये व कीमती सामान है।
इसी अंदेशे पर एक बदमाश ने सिक्का लेकर बाथरूम की दीवारों को खटखटाया। उसके बाद कमरे की दीवारों पर ठक-ठक की। फर्श को भी सिक्के से खटखटाकर देखा। उन्होंने ईश्वरन और उनकी पत्नी से कई बार पूछा कि बाकी पैसा, ज्वेलरी और कीमती सामान कहां रखा है।
ईश्वरन से जुड़े सूत्रों ने बताया कि रात को उन्हें पत्नी के साथ एक मित्र की बर्थडे पार्टी में जाना था। जिसकी वजह से वे एकेडमी से जल्दी घर लौट आए थे। जबकि वे रात आठ से दस बजे के बीच ही घर पहुंचते थे। घर पहुंचने पर वे पत्नी के साथ टीवी पर भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रहा टी-20 मुकाबला देखने लगे। इसी बीच बदमाश घर में घुस आए।
केवल महंगे सामान पर थी लुटेरों की नजर
लुटेरों की नजर केवल महंगे और कीमती सामान पर थी। ईश्वरन के घर के ग्राउंड फ्लोर पर भी काफी सजावटी सामान रखा था। लेकिन, लुटेरों ने उनमें ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई। दूसरी मंजिल पर रखा ज्यादातर सजावटी सामान भी बदमाश अपने साथ ले गए। घर में कुछ ब्रांडेड रत्न (स्टोन्स) रखे थे, बदमाश उन्हें भी लूट ले गए।