18 हजार कर्मियों ने पोस्टल बैलेट से किया मतदान
अब तक 18 हजार कर्मचारियों ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया है। 47 हजार कर्मचारियों ने फॉर्म 12-ए लिया है, जिसके तहत वह अपने मतदेय स्थल पर जाकर मतदान कर सकेंगे। वहीं, 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 65,160 में से 9,993 ने फॉर्म 12-डी भरा था, जिनमें से 9,400 से अधिक ने मतदान किया है। 80,335 दिव्यांग मतदाताओं में से 2,899 ने फॉर्म 12-डी लिया था, जिनमें से 2,812 ने मतदान किया है।
मतदान संपन्न कराने के लिए 15 हजार ईवीएम की व्यवस्था
राज्य में लोकसभा चुनाव के लिए 15 हजार ईवीएम और वीवीपैट लगाई गई हैं। 19 अप्रैल को 55 प्रत्याशियों का भाग्य इनमें कैद हो जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया, प्रदेश में शुक्रवार को मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। शाम पांच बजे तक जो मतदाता मतदेय स्थल के भीतर प्रविष्ट हो जाएंगे, वह वोट डाल सकेंगे।
इतने कर्मचारी लगे सुरक्षा में
मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। 65 कंपनी सीएपीएफ लगाई गई हैं। राज्य की 20 कंपनी पीएसी लगाई गई हैं। 15 हजार होमगार्ड के जवान भी ड्यूटी पर रहेंगे, जिनमें से नौ हजार जवान यूपी, दो हजार हिमाचल, दो हजार दिल्ली और दो हजार हरियाणा से आए हैं।
यूपी, हरियाणा, हिमाचल के चुनाव के दौरान उत्तराखंड में भी शराबबंदी
देहरादून। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने बताया, उत्तराखंड और इससे लगे हुए यूपी के उन जिलों, जहां पर प्रथम चरण में 19 अप्रैल को मतदान होने वाला है, में 17 अप्रैल को शाम पांच बजे से लेकर 19 अप्रैल को शाम छह बजे तक शराबबंदी लागू रहेगी।
सात मई को यूपी के बरेली में मतदान के दृष्टिगत पांच मई शाम छह बजे से सात मई को शाम छह बजे तक बरेली से लगे हुए राज्य के ऊधमसिंह नगर क्षेत्र में शराबबंदी लागू होगी। हरियाणा में 25 मई को होने वाले मतदान के दृष्टिगत 23 मई शाम छह बजे से 25 मई शाम छह बजे तक और हिमाचल प्रदेश में एक जून को होने वाले मतदान के दृष्टिगत 30 मई शाम छह से एक जून शाम छह बजे तक इन राज्यों से लगे देहरादून के क्षेत्र में शराबबंदी लागू रहेगी। अन्य राज्यों में कई चरणों में होने वाले मतदान के दौरान उनकी सीमा से उत्तराखंड के जो जिले लगे हैं, उनकी तीन किमी परिधि में शराबबंदी लागू होगी।