पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी शनिवार को बड़कोट और पैठाणी में जनसभाएं करेंगे। 17 अप्रैल को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हिमाचल की सीमा के पास चकराता और सहसपुर में जनसभा और रोड शो के जरिये भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करेंगे। पार्टी प्रभारी दुष्यंत गौतम तो कई दिनों से उत्तराखंड में हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भी धुआंधार रोड शो और जनसभाएं हो रही हैं।
प्रचार के पांच दिन शेष, अब आ रहीं प्रचार के लिए प्रियंका
भाजपा ने जहां कई दिन पहले से अपने स्टार प्रचारकों को समर में उतार रखा है, वहीं कांग्रेस का चुनाव प्रचार का जिम्मा पार्टी प्रत्याशियों के साथ पूर्व सीएम हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व विधायक प्रीतम सिंह के कंधों पर है। अब जबकि प्रचार के लिए पांच दिन शेष रह गए हैं, पार्टी प्रत्याशियों के प्रचार के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा मैदान में उतर रही हैं। वह शनिवार को रामनगर और रुड़की में जनसभा करेंगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्टी के स्टार प्रचारक राहुल गांधी और राष्ट्रीय मल्लिकार्जुन खरगे का इंतजार हो रहा है, लेकिन अभी तक दोनों दिग्गजों का कार्यक्रम तय नहीं हो पाया है।