कांग्रेस कहती है भ्रष्टाचारी बचाओ
मोदी ने कहा कि कांग्रेसी कुछ भी बोलते जा रहे हैं। जब मैं कहता हूं कि भ्रष्टाचार हटाओ तो वह कह रहे हैं भ्रष्टाचारी बचाओ। उन्होंने भीड़ से प्रश्न किया कि भ्रष्टाचार हमारे देश के लिए विनाशक है कि नहीं है? भ्रष्टाचार खत्म होना चाहिए कि नहीं?
शानदार काम कर रही धामी सरकार
पीएम ने कहा कि अब आपको राशन और दवा की चिंता करने की जरूरत नहीं रही। आने वाले पांच साल तक मुफ्त राशन और अस्पताल में मुफ्त इलाज मिलता रहेगा। धामी और उनकी सरकार इन सारी बातों के लिए बहुत मेहनत करके शानदार काम कर रही है।
परिवारवाद पर निशाना
पीएम ने कांग्रेस के परिवारवाद पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली का शाही परिवार फिर खुद का परिवार यही सब कुछ कांग्रेस की परंपरा में है। लेकिन मोदी के लिए तो मेरा भारत ही मेरा परिवार है।
विकसित भारत के संकल्प के लिए उत्तराखंड हमारी प्राथमिकता
उन्होंने कहा, विकसित भारत के संकल्प के लिए विकसित उत्तराखंड हमारी प्राथमिकता है। इस काम के लिए मेरा पल-पल आपके नाम है। मेरा पल-पल देश के नाम है। मेरी गांरटी है 24x7 और 2047 ये मोदी की आपको गारंटी है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि पांचों सीटों पर पुराने सारे रिकार्ड तोड़ दें। उन्हें पोलिंग बूथ को जीतना है।
उत्तराखंड के पर्यटन को दिया जा रहा बढ़ावा
पर्यटन और चारधाम यात्रा का उत्तराखंड को विकसित करने में बड़ा योगदान है। इसलिए हम यहां रोडवेज, रेलवे, एयरवेज की लगातार सुविधा दे रहे हैं। यहां ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन पर तेजी से काम हो रहा है। दिल्ली से देहरादून की दूरी सिमट रही है। उत्तराखंड के सीमावर्ती गांव को कांग्रेस अंतिम गांव कहती थी, हमने उसे पहला गांव बनाकर विकास किया है। आदि कैलाश के लिए हेलीकाॅप्टर सेवा शुरू हो गई है। चारधाम यात्रा को भी सुगम बनाने की ओर सरकार काम कर रही है। यह सब इसलिए हो रहा भाजपा की नियत सही है। जब नियत सही होती है तो नतीजे भी सही मिलते हैं। केदारनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। बीते वर्ष 55 लाख तीर्थयात्री यहां पहुंचे। मानसखंड में आदि कैलाश और ओम पर्वत की यात्रा पर भी यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। पर्यटन बढ़ने का मतलब है रोजगार का बढ़ना। उत्तराखंड में हो रहे विकास में अब पलायन की जड़ों को बीते दिनों बात बताया गया है। उत्तराखंड के नाैजवानों ने स्टार्टअप शुरू किए। यहां बेटियां आगे बढ़ रही हैं।