सत्यम शिवम और अन्य छात्र संगठनों ने छात्र-छात्राओं की समस्या का समाधान न होने पर शुक्रवार को डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य कक्ष में तालाबंदी की। इसके बाद छात्र प्राचार्य कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। देर शाम सकारात्मक आश्वासन मिलने पर छात्रों ने धरना समाप्त किया।
सत्यम शिवम से जुड़े छात्र नेता आकिब अहमद ने कहा कि कॉलेज प्रशासन से सभी छात्र संगठन बार-बार ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन आवेदन की मांग कर रहे थे। इसके बावजूद कॉलेज प्रशासन द्वारा केवल ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई। बताया कि पिछले साल से कॉलेज के पोर्टल में आ रही दिक्कत से हर साल सैकड़ों छात्रों का भविष्य खराब हो जाता है। इसके बावजूद कॉलेज प्रशासन ऐसे छात्रों की कोई जिम्मेदारी नहीं लेता है। पूरे दिन चले घटनाक्रम के बाद शाम लगभग छह बजे कॉलेज प्रशासन के प्रतिनिधि ने संगठन को आश्वासन दिया कि जो मेरिट में आने के बावजूद प्रवेश लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें मेरिट पूरी होने के बाद ऑफलाइन व ऑनलाइन प्रवेश का फिर से मौका दिया जाएगा।
वर्तमान की परिस्थितियों को देखते हुए प्रवेश की तारीख 15 से बढ़ाकर 17 सितंबर कर दी गई है। इस दौरान गोविंद रावत, चंद्रशेखर, राहुल रमोला, हिमांशु कुकरेती, एसएफआई से मनोज कुंवर, दिवाकर ग्रुप के पंकज मौजूद थे।