-चौखुटिया के भगोती में बुजुर्ग दंपती में कोरोना के लक्षण मिलने से हड़कंप मच गया। दंपती 21 मार्च को दिल्ली से गांव पहुंचा था। उनका बेटा उन्हें दिल्ली से गांव छोड़कर गया था। महिला की उम्र 65 साल, जबकि पुरूष की उम्र 74 साल है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर अमित रतन और डॉक्टर विवेक पंत उनकी जांच कर रहे हैं।
- हल्द्वानी में बाहर से लौटे लोगों के लिए कोरोना को लेकर होम क्वारंटीन, आइसोलेशन और स्क्रीनिंग समेत अन्य एडवाइजरी जारी हो रही है। इधर, राजकीय मेडिकल कॉलेज के एक डॉक्टर ने एडवाइजरी को दरकिनार कर बाहर से लौटे अपने बेटे को हॉस्टल के एक कमरे में रखा है। जूनियर डॉक्टरों ने इस पर हंगामा कर प्राचार्य का घेराव कर दिया और डॉक्टर के बेटे की जांच कराने के साथ ही अस्पताल भेजने की मांग की है।
- आईजी आईपीएस अमित सिन्हा की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य और पुलिस महकमे में काफी संशय था। कोरोना संक्रमित अमेरिकी नागरिक के संपर्क में अमित सिन्हा समेत कई कर्मचारी आये थे। सब की रिपोर्ट निगेटिव है।
- लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने पर उत्तरकाशी जिले में बुधवार की शाम दरबार बैंड ज्ञानसू के पास एक व्यक्ति रामलाल पुत्र सौंणू लाल निवासी पाडुली ज्ञानसू उम्र बावन साल के खिलाफ निर्धारित समय के बाद अपनी दुकान खोले रखने पर धारा 188 में मामला दर्ज किया गया है।
- देहरादून की इंदिरा गांधी नेशनल फॉरेस्ट एकेडमी के ट्रेनी आईएफएस की क्वारंटाइन अवधि बढ़ा दी गई है। पीएम नरेंद्र मोदी ने 21 दिन का देशव्यापी लॉकडाउन घोषित किया है। जिस वजह से तमाम ट्रेनी अफसरों के हॉस्टल से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी गई है। एकेडमी के एडिशनल डायरेक्टर एसके अवस्थी ने बताया कि सभी ट्रेनी अफसरों को नउए सिरे क्वारंटाइन में रहने के लिए कह दिया गया है।
- पिथौरागढ़ से लोहाघाट पैदल चलकर पहुंचे दूसरे राज्यों के चालीस से ज्यादा मजदूरों को पुलिस ने खाना खिलाने के साथ ही सैनिटाइजर बांटे। इसी तरह हरिद्वार में सप्तऋषि कोतवाली क्षेत्र में भिखारियों और अनाथ खानाबदोश लोगों को नानकपुरा आश्रम में सोशल डिस्टेंस बनाते हुए भोजन दिया गया।
- ऋषिकेश के बस यात्रा स्टैंड पर बीटीसी में 38 इटली मूल के विदेशी लोग पहुंचे। जिससे हड़कंप मच गया।
- पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, विधायक जागेश्वर गोविंद सिंह कुंजवाल ने विधायक निधि से 15 लाख रुपए जारी किए हैं। कोरोना वायरस रोकथाम हेतु दिए हैं। इस बाबत उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा को पत्र लिखा। उन्होंने राज्य के कर्मचारियों से अपील की है कि वह भी आपदा से निपटने हेतु योगदान दें।
- नोएडा से आई रिया संस्था के कार्य से 22 मार्च से जोशीमठ में फंसी हुई थी जो नगर के होटल में रह रही थी, जिसे आज नगर पालिका के सभासद अमित सती द्वारा नगर पालिका के गेस्ट हाउस में रखा गया है। भोजन की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने बताया कि इस महिला को केवल एक वक्त का ही भोजन प्राप्त हो रहा था।
- रुद्रपुर के गूलरभोज में आज से राशन की होम डिलीवरी का काम शुरू हो गया है। यहां आज रोज सुबह सात बजे से दस बजे तक खुलने वाली दुकानें आज नहीं खुली।
- उत्तरकाशी जिले में लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग को सराहा। यहां लोगों में इसके प्रति जागरुकता दिखी, लोग इसका पालन करते नजर आए।
- हरिद्वार के कनखल बाजार में भी लोग नियम तोड़ते नजर अए। लोग एक साथ खड़े होकर खरीदारी करते दिखे। यहां राशन की दुकान बंद रही।
- श्रीनगर गढ़वाल में लोग दुकानों के बाहर सोशल डिस्टेंस के नियम का पालन नहीं करते दिखे। नई टिहरी, पौड़ी और कोटद्वार की दुकानों के बाहर लोग रिंग में खड़े दिखे।
- ऋषिकेश में कहीं लोग सोशल डिस्टेंस मेनटेन करते दिखे तो कहीं भारी भीड़ दिखी। यहां प्रशासनिक स्तर पर भीड़ को नियंत्रित करने की कोई व्यवस्था नहीं दिखी। यात्रा बस स्टैंड पर पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वाले लोग बस के इतंजार में खड़े दिखे।
- कमाऊं में रुद्रपुर में पुलिस ने सब्जी मंडी से ठेले वालों को खदेड़ा। यहां कुछ दुकानदारों ने ही दुकान खोली थी। आज यहां लोगों की ज्यादा भीड़ नहीं थी। यहां मेडिकल स्टोर पर लोगों की भीड़ दिखाई दी।
- अल्मोड़ा में लॉकडाउन के दौरान कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने लोगों से घर में रहने की अपील की। अल्मोड़ा में पालिका द्वारा दुकानों के बाहर गोल घेरे बनाए गए हैं। यहां लोग एक दूसरे से दूरी बनाकर सामान खरीदते दिखे। रानीखेत में भी लोग नियमों का पालन करते दिखे।
- मसूरी की बात करें तो यहां सामान लेने के लिए बुधवार को मची अफरा-तफरी के बाद आज गुरुवार को प्रशासन द्वारा बनाए गए सफेद रिंग में खड़े होकर लोग सोशल डिस्टेंस का पालन करते दिखे।
- देहरादून के लोकल बाजारों में आज भीड़ पहले से कम दिखाई दी। पुलिस विभाग द्वारा शहर में दुकानों के बाहर सोशल डिस्टेंस बनाए रखने के लिए चूने से रिंग बनाए गए। आज भी बाजार सुबह सात बजे से दस बजे तक खुलेंगे।
- लेकिन हरिद्वार बाईपास पर एक लोकल किराना स्टोर पर लोगों की भीड़ दिखाई दी। यहां लोग सोशल डिस्टेंस में नहीं दिखे। इसी तरह हनुमान चौक के पास के बाजार में, लालपुल मंडी, चुग गैस एजेंसी में भी भीड़ दिखाई दी। हनुमान चौक सूना पड़ा दिखा। मोती बाजार पुलिस द्वारा सुबह ही बंद करवा दिया गया।
- उत्तराखंड में आज से दुकानों के बाहर खरीदारी के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के लिए चूने से एक निश्चित दूरी पर रिंग बनाए गए हैं। कहीं तो लोग इसका पालन करते दिखे, लेकिन कहीं लोग दुकान में समूह में खड़े दिखे।
- प्रदेश में बाहर से आने वाले युवाओं की सघन मेडिकल जांच कराई जाएगी। कुछ दिनों तक इन्हें स्थानीय क्वारंटाइन केंद्रों में रखने के बाद स्वस्थ पाए जाने पर घर भेजा जाएगा।
- वहीं मसूरी में पुलिस वरिष्ठ नागरिकों का हाल-चाल पूछने उनके घर पहुंची। इस दौरान उनको जरूरत के सामान की आवश्यकता पडऩे पर पुलिस से संपर्क करने के लिए कहा गया। मसूरी कोतवाल विद्या भूषण नेगी ने उन्हें अपना मोबाइल नंबर दिया। अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मियों द्वारा मसूरी में रह रहे बुजुर्गों से संपर्क किया गया।