जगह-जगह थूकने से कोरोना संक्रमण फैलने को रोकने के लिए ईजी स्पिट पाउच काफी सहायक होगा। सोमवार को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और भाजपा की राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी नेहा जोशी ने दून मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आशुतोष सयाना को नागपुर में बने 300 ईजी स्पिट पाउच प्रदान किए। यह एक पाउच है और इसे पेपर, पल्प और पॉलीमर से बनाया गया है। इसमें थूककर इसे अलग रखा जा सकता है।
यानी जब थूकना हो तो थूकिए, अलग रखिए और समय मिलने पर कूड़ेदान में डाल दीजिए। इसके इस्तेमाल से कोरोना संक्रमण की रोकथाम में भी मदद मिलेगी। यह लार को सोख लेता है और गंदगी को फैलने से रोकता है। इस्तेमाल से संक्रमण का खतरा 99 फीसदी कम हो जाता है। बायो डिग्रेबल मेटेरियल से बना होने के कारण इसे डिस्पोज करना भी आसान है। इस दौरान अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके टम्टा, डिप्टी एमएस डॉ. मनोज शर्मा, डॉ. अनुराग अग्रवाल, वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी महेंद्र भंडारी आदि उपस्थित रहे।