महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर
- फोटो : File Photo
घर जाने की आस में प्रवासी जगह-जगह धक्के खा रहे हैं। नेपाली मूल के तो कई लोग महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर में तीन दिन से बस के इंतजार में हैं। ऐसे ही राम बहादुर ने बताया कि वह छह साथियों के साथ तीन दिन से स्पोर्ट्स कॉलेज में हैं।
उन्हें नेपाल जाना है। वह पिथौरागढ़ तक बस से जाना चाहते हैं लेकिन अभी तक भेजा नहीं जा सका। कहा कि अधिकारियों का कहना है कि कुछ समय इंतजार करें, लेकिन अब तीन दिन गुजर चुके हैं। कुछ पता नहीं। हालांकि, यहां रहने व खाने की सुविधा है।
चार मई को कराया रजिस्ट्रेशन, नहीं आया नंबर
भले ही रोजाना सैकड़ों लोगों को उनके गृह जनपद भेजा जा रहा हो, लेकिन अभी भी कई लोग ऐसे हैं जिन्हें मदद नहीं मिल सकी है। स्पोर्ट्स कॉलेज के मुख्य गेट के बाहर बैग लेकर मौजूद दिनेश ने बताया कि उन्होंने चमोली जाने के लिए चार मई को रजिस्ट्रेशन कराया था लेकिन अभी तक कोई कॉल या मैसेज नहीं आया।
आज वह दूसरी बार आए। यहां गेट से सुरक्षाकर्मियों ने वापस भेज दिया। उनके साथ पांच साथी भी इसी इंतजार में हैं।