जंगलात टीम पर हमला कर खनन माफिया अवैध खनन से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को छुड़ा कर ले गए। खबर मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। ज्वाला वन रेंज के बीट अधिकारी सुरेश की तहरीर पर बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी में 15-20 अज्ञात खनन कारोबारियों पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
रविवार देर रात प्रतिबंधित कोसी खनन क्षेत्र में माफिया खनन चुगान कर वाहन भर रहे थे। सूचना पर रामनगर के ज्वालावन रेंज से जंगलात टीम ने छापा मारा। इस दौरान खनन से भरे वाहनों को लेकर चालक जंगल की तरफ भागने लगे। जंगलात टीम ने घेराबंदी कर दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ लिया।
जंगलात टीम अवैध खनन से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लेकर लौट रही थी कि रास्ते में करीब 20 खनन माफियाओं ने लाठी डंडों से हमला कर दिया। माफिया जंगलात टीम से दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ाकर ले गए। जंगलात टीम की सूचना पर चौकी इंचार्ज दिनेश बल्लभ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। बताया गया कि कोसी के प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध खनन धड़ल्ले से चल रहा है।
एसएसआई महेश कांडपाल ने बताया कि ज्वालावन रेंज के बीट अधिकारी सुरेश की तहरीर पर 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 147, 353, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बता दें कि खनन माफिया जंगलात और पुलिस टीम पर पिछले साल भी कई हमले कर चुके हैं।