सरकार ने केंद्रीय गाइडलाइन के तहत बाजार खुलने का समय बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए हैं कि बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग की व्यवस्था का अनुपालन कड़ाई से सुनिश्चित करवाया जाए। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक के अनुरोध पर कोविड-19 की ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यकता अनुसार पीपीई किट, मास्क, सैनिटाइजर आदि की व्यवस्था आपदा प्रबंधन एवं विभागीय बजट से किए जाने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों में कोरोना वायरस के भय को दूर करने के लिए डॉक्टरों के जागरुकता वाले वीडियो ग्राम पंचायत स्तर पर वितरित किए जाएं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से ठीक हुए लोगों के अनुभवों को भी लोगों के बीच लाया जाए। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों से जनपद में इस महामारी की रोकथाम के लिए प्रभारी व्यवस्था बनाने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि अंतर जनपदीय यात्राओं के लिए अगर कोई व्यक्ति पास के लिए आवेदन करता है तो उसे तुरंत पास जारी किया जाए।
उन्होंने छोटे निर्माण कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर श्रमिकों को अनुमति प्रदान की, साथ ही जो व्यक्ति अपने कार्य से सीमित अवधि के लिए आ रहे हैं, उनके लिए क्वारंटीन अवधि की अनिवार्यता में ढिलाई बरतने के निर्देश भी जारी किए हैं।