ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने कस्बे के कई मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। इस दौरान दस्तावेज नहीं दिखा पाने के कारण उन्होंने दो मेडिकल स्टोर और दो क्लीनिक सील कर दिए। साथ ही क्लीनिक संचालकों और मेडिकल स्टोर स्वामियों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। वहीं, ड्रग इंस्पेक्टर ने अन्य मेडिकल स्टोर मालिकों को निर्धारित दाम पर ही सैनिटाइजर बेचने और फार्मेसिस्ट रखने के निर्देश दिए।
डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने लक्सर गांव स्थित क्लीनिक जांच की तो संचालक मौके पर नहीं मिला। इस पर उन्होंने क्लीनिक सील कर दिया। इसके बाद उन्होंने गोवर्धनपुर रोड मोहल्ला स्थित साईं मेडिकल स्टोर, बालावाली तिराहा स्थित एकता मेडिकल स्टोर, प्रगति मेडिकल स्टोर की जांच की।
यहां सब ठीक मिला। वहीं, रायसी रोड मोहल्ले में स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। इस पर उन्होंने मेडिकल स्टोर सील कर दिया। इसके बाद उन्होंने अकोढ़ा कलां गांव के पास एक क्लीनिक पर छापा मारा। यहां क्लीनिक के बगल में मेडिकल स्टोर संचालित किया जा रहा था। क्लीनिक संचालक मेडिकल स्टोर के दस्तावेज नहीं दिखा पाया। इस पर ड्रग इंस्पेक्टर ने क्लीनिक और मेडिकल स्टोर दोनों सील कर दिया। मौके पर बीसी पंत आदि मौजूद रहे।
जांच के दौरान कई मेडिकल स्टोरों पर अनियमितता पाई गई। कई मेडिकल स्टोरों पर फार्मेसिस्ट नहीं थे। कई क्लीनिक संचालक दस्तावेज नहीं दिखा सके। मेडिकल स्टोर, क्लीनिक स्वामियों को नोटिस दिया गया है। संबंधित मेडिकल स्टोरों और क्लीनिकों को ताला डालकर सील कर दिया गया है। जवाब आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-अनीता भारती, ड्रग इंस्पेक्टर, हरिद्वार