देहरादून के सहस्रधारा रोड पर हुई फायरिंग में समरजहां का हत्यारोपी अर्पित त्यागी सोमवार को गाजियाबाद में कारबाइन बरामदगी के पुराने मुकदमे में जमानत तुड़वाकर जेल चला गया। अर्पित वेस्ट यूपी में अपराध की दुनिया में लंबे समय सक्रिय रहे विक्की त्यागी का बेटा बताया गया है।
पुलिस अब अर्पित त्यागी को वारंट के आधार पर देहरादून लाने की तैयारी में जुट गई है। अधिकारियों का दावा है कि अर्पित दून पुलिस के दबाव के चलते जेल में गया है। शहर के सहस्त्रधारा रोड पर सात मई की रात कार सवार बदमाश ने मुजफ्फरनगर के न्याजूपुरा निवासी समरजहां उर्फ रिहाना की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी।
समरजहां दून में दवा कारोबारी राकेश कुमार गुप्ता के साथ लिव इन रिलेशन में रहती थी। पुलिस ने 10 मई को राकेश गुप्ता, उसकी पत्नी सीमा और बेटे कार्तिक गुप्ता समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया था।