रॉकस्टार के तीन गाने पहले ही तैयार कर चुके थे रहमान
इम्तियाज अली ने रहमान के साथ अपने रचनात्मक जुड़ाव और फिल्म रॉकस्टार के निर्माण से जुड़े दिलचस्प अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा भी आया, जब दोनों एक-दूसरे से फिल्म को लेकर बातचीत शुरू करने का इंतजार कर रहे थे। बाद में पता चला कि रहमान तब तक फिल्म के लिए तीन गाने तैयार कर चुके थे। फिल्म अमर सिंह चमकीला का जिक्र करते हुए इम्तियाज ने बताया कि इश्क मिटाए गीत का विचार फिल्म बनने से काफी पहले ही आकार ले चुका था। चमकीला की कहानी उन्हें पंजाब के संदर्भ में बेहद प्रासंगिक लगी। उन्होंने रहमान के व्यक्तित्व और उनके साथ काम करने को लेकर फिल्म जगत में शुरुआती दिनों के आकर्षण को भी याद किया। अपनी रचनात्मक यात्राओं और जीवन के उद्देश्य पर बात करते हुए इम्तियाज अली ने कहा कि हम यहां कुछ और पाने और कुछ और खोजने के लिए हैं। संवाद के दौरान दोनों कलाकारों ने बताया कि संगीत और सिनेमा की दुनिया में नए प्रयोग, आपसी समझ और लगातार कुछ नया खोजने की चाह ही रचनात्मकता को आगे बढ़ाती है।