देहरादून में फुलसनी के आसपास के गांवों में गुलदार की दहशत कायम है।
मंगलवार को बाजावाला में एक बार फिर गुलदार आ धमका। लोगों के शोर मचाने पर वह जंगल की ओर भाग निकला। हालांकि, इससे पहले उसने एक मुर्गे को निवाला बना लिया। कुछ दिन पहले ही गुलदार ने फुलसनी में एक बच्चे को मार डाला था।
बाजावाला निवासी नरेंद्र राणा के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे एक गुलदार गांव के करीब आ गया। उसको देखते ही महिलाओं और बच्चों ने शोर मचाया तो वह जंगल की ओर भाग गया। पिछले कई दिनों से गुलदार आसपास के गांवों में नजर आ रहा है।
चांदवाड़ी इलाके में गुलदार कई कुत्तों को शिकार बना चुका है। 16 जनवरी को फुलसनी में गुलदार ने एक बालक को मार डाला था। आदमखोर गुलदार को मार गिराने के बावजूद क्षेत्र से गुलदार की दहशत खत्म नहीं हुई है।