हरिद्वार के सिडकुल स्थित एक कंपनी के परिसर में घुसे गुलदार के हमले में डीजीएम सहित तीन लोग घायल हो गए।
पिंजरा लगाकर पकड़ने का प्रयास
सूचना पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों ने स्टोर में ही गुलदार को बंद कर दिया। देर रात तक पिंजरा लगाकर उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा था।
सिडकुल स्थित कंपनी एल्पस में शनिवार सुबह साढे़ नौ बजे स्टोर विभाग के कर्मचारी जब स्टोर में गए तो उनकी नजर गुलदार पर पड़ी। गुलदार को देखते ही हड़कंप मच गया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस और वन विभाग को दी गई।
सिक्योरिटी गार्ड ने किया हवाई फायर
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो स्टोर विभाग के दो कर्मचारी और कंपनी के डीजीएम गुलदार देखने के लिए स्टोर में घुस गए। तभी वन विभाग के अधिकारियों के कहने पर कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड ने हवाई फायर कर दिया।
फायर की आवाज सुनते ही गुलदार ने इन लोगों पर हमला कर दिया। हमले में डीजीएम एमके सिंह और दो अन्य कर्मचारी दिनेश कुमार और उमेश घायल हो गए। हमला करने के बाद गुलदार स्टोर के अंदर की तरफ चला गया।
दिन में कंपनी में कर्मचारियों की भीड़ के कारण रात में गुलदार को पकड़ने की योजना बनायी गयी।