उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय में रेवड़ी की तरह पीएचडी बांटने के मामले में मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी हो चुकी है। इस पर विधिक राय भी ले ली गई है। जल्द ही मुकदमा दर्ज हो सकता है।
तकनीकी विवि में वर्ष 2009 से लेकर 2017 के बीच की पीएचडी की जांच हुई। इन मामलों की प्राथमिक जांच रिपोर्ट में कानूनी कार्रवाई की सिफारिश की गई थी। शासन ने तकनीकी विवि को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसमें 2017 की पीएचडी प्रवेश परीक्षा भी शामिल है।
मामले में अब विवि की ओर से मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, मुकदमे में कई अधिकारियों के भी नाम शामिल हो सकते हैं। पुलिस की जांच के बाद कई और पर शिकंजा कसेगा।
उन सभी अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी, जिन्होंने नियम-कायदे तोड़कर पीएचडी की डिग्री रेवड़ी की तरह बांटी हैं। इस बाबत शुक्रवार को शासन में बैठक भी बुलाई गई है।