गनीमत रही हादसे में कोई चोटिल नहीं हुआ। प्रभावित परिवारों ने रात में गांव के अन्य घरों में शरण ली। सूचना मिलते ही गुरुवार सुबह तहसीलदार चमन सिंह के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
राजस्व विभाग की टीम द्वारा भूस्खलन में हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है। साथ ही प्रभावित परिवारों के रहने की व्यवस्था गांव के बेसिक स्कूल में की गई है। राजस्व विभाग की टीम के अनुसार आपदा में हडियाड़ी निवासी मक्खन सिंह, सुप्रभात, जगवीर के आवासीय मकान व एक कुठार मलबे में दब गए, जबकि सोनदास, दिनेश लाल, विक्रम सिंह एवं चंद्र सिंह के मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है।
एसडीएम सोहन सिंह सैनी ने बताया कि प्रभावितों को फिलहाल प्राथमिक विद्यालय भवन में रखा गया है। उन्हें राहत सामग्री मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व की टीम अभी भी गांव में डेरा डाले हुए हैं। जल्द ही क्षति का आकलन कर रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी।