नगर क्षेत्र जोशीमठ में हो रहे भू-धंसाव का प्रमुख कारण नगर के नीचे अलकनंदा नदी से हो रहा कटाव, क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम और सीवेज की व्यवस्था नहीं होना है। अगस्त माह में वैज्ञानिकों की टीम की ओर से कराए गए सर्वे की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है।
जोशीमठ क्षेत्र के कई क्षेत्रों में जमीन धंस रही है। यहां रविग्राम, गांधी नगर और सुनील गांव में भू-धंसाव हो रहा है लेकिन हाल ही में मनोहर बाग वार्ड में भी जमीन धंसने से मकानों में दरारें आ गई हैं। स्थानीय लोगों की मांग पर राज्य आपदा प्राधिकरण की ओर से वैज्ञानिकों की टीम गठित कर क्षेत्र में सर्वेक्षण कराया गया।
वैज्ञानिकों की टीम ने 16 से 19 अगस्त तक नगर का सर्वे किया था। वैज्ञानिकों की ओर से नवंबर माह में जारी की गई 27 पन्नों की रिपोर्ट में कहा गया है कि जोशीमठ नगर के नीचे अलकनंदा नदी से हो रहे कटाव के साथ ही नगर में सीवेज और ड्रेनेज की उचित व्यवस्था नहीं होने से जमीन धंस रही है।