आने वाले समय में राजधानी में आम आदमी के लिए अपना घर बनाना और महंगा हो जाएगा। इस साल आवासीय निर्माण के लिए सर्किल रेट में 10 से 25 फीसदी की बढ़ोतरी की तैयारी की जा रही है। जिले में सर्किल रेट रिवाइज करने के लिए प्रशासन ने शासन को प्रस्ताव भेजा दिया है।
राजस्व बढ़ाने के लिए प्रशासन का ध्यान इस बार अर्द्ध शहरी क्षेत्रों पर है। सूत्रों के मुताबिक हाल ही में नगर निगम में शामिल हुए क्षेत्रों में भी जमीन के सर्किल रेट 15 से 25 फीसदी की वृद्धि की सिफारिश की गई है। जबकि जिन क्षेत्रों में अब विकास की संभावना कम है, वहां सर्किल रेट की बढ़ोतरी नहीं की गई। राजधानी के कई ऐसे मार्ग हैं जिन पर 50 मीटर तक सर्किल रेट में बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। पिछले साल भी लगभग 10 से 30 फीसदी तक विभिन्न इलाकों में सर्किल रेट में बढ़ोतरी की गई थी। पिछले साल सर्किल रेट रिवाइज जनवरी में किए गए थे। इस साल भेजे गए प्रस्ताव पर जल्द ही शासन की मुहर लग सकती है।
राजपुर रोड, चकराता रोड और सहारनपुर रोड पर बढ़ोतरी नहीं
प्रशासन ने इस बार शहर के सबसे महंगे इलाके राजपुर रोड पर कोई बढ़ोतरी नहीं की है। इससे पहले भी यहां पर पिछले साल 10 फीसदी तक रेट घटाए गए थे, लेकिन अधिकारिक सूत्रों का कहना है कि इस बार घटाए भी नहीं जाएंगे। इसका कारण है कि यहां अब न के बराबर ही रजिस्ट्री होती हैं। ट्रांजेक्शन कम होने के कारण यहां पर इस बार रेट में बदलाव नहीं किया गया है। वर्तमान में राजपुर रोड पर आवासीय भूमि के लिए 50 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर की दर है। इसी तरह चकराता रोड (शहर क्षेत्र) और सहारनपुर रोड पर भी सर्किल रेट में कोई बदलाव नहीं किए गए हैं।
यहां 16 फीसदी बढ़ोतरी संभव
थानो रोड, रिंग रोड, मसूरी रोड (कुठालगेट से मसूरी तक), दूधली रोड, माल देवता रोड।
यहां बढ़ सकते हैं 10 से 25 फीसदी रेट
बालावाला-रायपुर क्षेत्र-7000
शिमला बाईपास क्षेत्र-14000
हरिद्वार बाईपास क्षेत्र-14000
दून यूनिवर्सिटी क्षेत्र-9000
कारगी ग्रांट क्षेत्र-14000
माता मंदिर रोड क्षेत्र-14000
पनासवैली सहस्रधारा-14000
अजबपुर खुर्द व कलां-9000
बंजारावाला बद्रीपुर -7500
डांडा लखौंड.आमवाला-7500
मेहूवाला-आर्केडियाग्रांट-7000
चंद्रबनी-मोहब्बेवाला-7000
डोमगा-गुजरमी-करनपुर-3000
बिष्ट गांव-गुनियालगांव-7000
जमनीवाला घंघोड़ा-6000