कोतवाली नेहरू कॉलोनी के शालीन एनक्लेव बद्रीपुर जोगीवाला में चोरों ने रिटायर्ड रेंजर्स के घर के कमरे का ताला तोड़कर हजारों की नकदी और लाखों के गहने पार कर दिए। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
अरुण कुमार गुप्ता निवासी शालीन एनक्लेव बद्रीपुर जोगीवाला रेंजर पद से रिटायर्ड हैं। अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि 12 सितंबर की रात करीब साढ़े तीन बजे उनकी पत्नी ने कुत्ते की भौंकने की आवाज सुनी। जिस पर पत्नी ने देखा तो बगल वाले कमरे की लाइट जली हुई थी। कमरे में जाकर देखा तो पूरा कमरा अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। कमरे में एक स्टील का बॉक्स था, जिसमें करीब 70 हजार रुपये व उनकी पत्नी के चांदी और सोने के लाखों के गहने, घर के कागजात और अन्य जरूरी कागजात थे। चोर उसे अपने साथ ले गए। अलमारी में रखे लाखों के जेवर भी चोर ले गए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर राकेश गुसांई ने कहा कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।