सेल टैक्स जमा न करने पर राजस्व विभाग ने हरिद्वार में लखानी इंडिया लिमिटेड को मंगलवार शाम सील कर दी। बुधवार सुबह कंपनी के श्रमिकों को भनक लगी तो वेतन की मांग को लेकर उन्होंने गेट पर हंगामा कर दिया। कंपनी की ओर से लिखापढ़ी शुरू करने पर श्रमिक शांत हुए।
सिडकुल सेक्टर चार स्थित लखानी इंडिया लिमिटेड पर एक करोड़ 13 लाख 71 हजार 107 रुपये सेल टैक्स बकाया है। इसके लिए सेल टैक्स विभाग ने कई बार नोटिस जारी किए लेकिन कंपनी प्रबंधन ने संज्ञान नहीं लिया।
26 नवंबर 2013 को विभागीय अधिकारियों ने कंपनी के नाम आरसी जारी कर डीएम को भेजी। मंगलवार देर शाम कार्रवाई करते हुए तहसीलदार शाहिद हुसैन के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम ने कंपनी सील कर दी।
बताया जा रहा है कि कंपनी में दो लाइनों पर प्रोडक्शन हो रहा था। जिसमें 40 श्रमिक काम कर रहे थे।
वेतन को लेकर श्रमिकों का हंगामा
बुधवार सुबह खबर मिलने पर श्रमिक कंपनी गेट पर एकत्रित हुए और वेतन की मांग करने लगे। लेकिन कोई अधिकारी बोलने को तैयार था। इस पर श्रमिकों ने हंगामा कर दिया।
देर शाम कंपनी की ओर से श्रमिकों के साथ लिखा पढ़ी शुरू हुई। तब जाकर मामला शांत हुआ। फैक्ट्री सील होने के संबंध में किसी भी अधिकारी ने बोलने से इनकार कर दिया।
इसी फैक्ट्री से सटी लखानी आटो वरदान फैक्ट्री ईपीएफ की देनदारी और बैंक के कर्जे के कारण पहले ही सील की जा चुकी है।
बकाया न देने पर उठाया कदम
लखानी इंडिया लिमिटेड पर वित्त वर्ष 2008-09 का एक करोड़ 13 लाख के करीब बकाया है। जब फैक्ट्री की ओर से बकाया जमा नहीं किया तो कंपनी के नाम आरसी जारी की। मंगलवार को जिला प्रशासन ने फैक्ट्री सील कर दी।
-वीके पांगती, डिप्टी कमिश्नर, वाणिज्य कर विभाग
लखानी इंडिया लिमिटेड फैक्ट्री पर व्यापार कर विभाग की देनदारी थी। कर जमा न करने पर व्यापार कर विभाग की ओर आरसी जारी की थी। मंगलवार देर शाम फैक्ट्री सील कर दी है।
-शाहिद हुसैन, तहसीलदार सदर