अब ‘ई-जेम्स’ सॉफ्टवेयर पानी के सारे राज खोलेगा। इसके जरिये पानी की गुणवत्ता के साथ ही अन्य डाटा की जानकारी भी आसानी से हासिल हो सकेगी। केंद्रीय भूमि जल बोर्ड की ओर से ग्राउंड वाटर डाटा एक्सेस के तहत सॉफ्टवेयर को ऑनलाइन किया जा रहा है।
इसके बाद जल्द ही लोग किसी भी क्षेत्र का जलस्तर और उसकी गुणवत्ता संबंधी सभी जानकारी तत्काल हासिल कर सकेंगे।
केंद्रीय भूमि जल बोर्ड फरीदाबाद, इलेक्ट्रॉनिक ग्राउंड वाटर इस्टीमेशन एंड मैनेजमेंट एंड सिस्टम (ई-जेम्स) सॉफ्टवेयर के जरिये सभी कार्य ऑनलाइन करने जा रहा है। सॉफ्टवेयर में पानी संबंधित हर छोटी-बड़ी जानकारी डाली जाएगी।
जिसके जरिये विभाग के साथ ही आम जनता भी पानी के स्तर और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां आसानी से पा सकेगी। केंद्रीय भूमि जल बोर्ड उत्तरांचल क्षेत्र के वैज्ञानिक डॉ. डी बागची ने बताया कि ई-जेम्स पर काफी तेजी से काम चल रहा है।