दिनेशपुर क्षेत्र में एक किशोर के सात साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीडिता के परिजनों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बच्ची को मेडिकल कराने के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष दिनेश फर्त्याल ने बताया कि आरोपी फरार है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक नगर के एक वार्ड में रहने वाली महिला ने थाने में तहरीर देकर कहा कि वह रोजाना मजदूरी करने जाती है। घर पर उसकी सात साल की बेटी अकेली रहती है, जो एक स्कूल में कक्षा दूसरी की छात्रा है।
रविवार देर शाम वह घर पहुंची तो लोगों ने बताया कि वार्ड का ही रहने वाला किशोर उसकी बेटी को बहला फुसलाकर नहर पार झाड़ियों में ले गया था, जहां बच्ची से दुष्कर्म किया। बच्ची की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे तो आरोपी फरार हो गया। महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376 आईपीसी और 3/4 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।