किसान आंदोलन के समर्थन में किसान कांग्रेस के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को ट्रैक्टर रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। प्रदेश पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए किसान और जनता के हित में तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की पुरजोर मांग उठाई।
गल्ला मंडी में ट्रैक्टर रैली से पूर्व हुई सभा में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित अन्य नेताओं ने शिरकत की। प्रदेश प्रभारी यादव ने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ किसान 44 दिनों से दिल्ली बॉर्डर पर धरना दे रहे हैं, लेकिन सरकार किसानों की मांगें मानने के बजाय उन्हें गुमराह कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात कर रही हैं, लेकिन कर्ज के बोझ से दबे किसान आत्महत्या कर रहे हैं। दिल्ली बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे अब तक 50 से अधिक किसान शहीद हो चुके हैं। सभा के दौरान गल्ला मंडी के दोनों गेट पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहा।