रिकाॅर्ड समय में किया 12 हजार से अधिक लोगों का रेस्क्यू
सोनप्रयाग में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अतिवृष्टि के बाद उपजे हालातों में सुरक्षा बलों ने रिकाॅर्ड समय में 12 हजार से अधिक लोगों का सकुशल रेस्क्यू किया है। कहा कि अतिवृष्टि से पैदल व सड़क मार्ग को जो नुकसान हुआ है, उसे जल्द दुरस्त करना है। साथ ही केदारनाथ तक सरल व सुलभ पहुंच के लिए वैकल्पिक मार्गों पर भी फोकस किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों से किया संवाद
मुख्यमंत्री ने रामपुर में केदारघाटी के आमजन, जनप्रतिनिधियों, तीर्थपुरोहितों व आपदा प्रभावितों से सीधा संवाद भी किया। कहा कि शासन, प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर रेस्क्यू अभियान में साथ देने वाले सभी लोग बधाई के पात्र हैं, मैं उनका आभारी हूं। उन्होंने ग्राम पंचायत चौमासी के ग्राम प्रधान मुलायम सिंह तिंदोरी, ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष सुभाष रावत, केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी आदि का राहत व बचाव कार्य में सहयोग पर विशेष आभार जताया। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावितों की समस्याएं सुनते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा।