जून 2013 में केदारघाटी की आपदा के दौरान लापता सिमखोली (चमोली) का एक व्यक्ति रुद्रप्रयाग में मिला है। मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के चलते परिजन उसे राजकीय मेडिकल कालेज श्रीनगर लेकर पहुंचे।
सिमखोली गांव का पुष्कर सिंह (46) मुंबई की दवा कंपनी के लिए मजदूर सप्लाई करने का काम करता था। काम खत्म होने पर वह जून 2013 में घर लौटा।
14 जून को पुष्कर छोटे भाई धर्म सिंह के पास अगस्त्यमुनि आया। उसी दिन शाम को वह तिलवाड़ा में अपने एक रिश्तेदार के लॉज में चला गया। इस बीच 16/17 जून को केदारघाटी में जलप्रलय की स्थिति पैदा हो गई।
21 जून को रिश्तेदार ने धर्म सिंह को बताया कि पुष्कर 15 जून को बाइक से गौरीकुंड के लिए निकला था। तबसे उसका पता नहीं है। 23 जून को धर्म सिंह ने पुष्कर की गुमशुदगी दर्ज करा दी।