करवाचौथ से तीन दिन पहले छोटे करवाचौथ का व्रत रख महिलाओं ने पति के लंबी आयु की कामना की।
हिलाओं ने किया विधि-विधान से पूजन
मंगलवार को शरद पूर्णिमा के दिन छोटा करवाचौथ व्रत रख पंजाबी समुदाय की महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन किया। यह व्रत भी करवाचौथ के व्रत की तरह ही रखा गया। सुबह चार बजे उठकर सुहागिनों ने सरगी खाई।
फिर दिनभर निर्जला व्रत रखा। फर्क सिर्फ इतना था कि करवाचौथ का व्रत चांद देखकर खोला जाता है, छोटे करवाचौथ का व्रत तारा देखकर खुला गया। अनामिका सहगल ने बताया कि 37 सालों से उनकी सास यह व्रत करती आ रही है।
वह भी शादी के बाद 11 सालों से छोटा करवाचौथ का व्रत रख रही हैं। लीना भी दस सालों से यह व्रत रख रही हैं। बताया कि हम लोग करवाचौथ का व्रत भी रखते हैं। लेकिन इस व्रत के दिन जब सिर धुल जाता है तो सीधे करवाचौथ के दिन ही बाल और कपड़े धो सकते हैं।
इस व्रत में कार्तिक मास महात्म्य का पांचवां अध्याय पढ़ा जाता है।
ब्यूटी पार्लरों में ऑफर की भरमार
करवाचौथ के लिए बाजार सज गया है। सजने के लिए महिलाओं ने फेशियल, वैक्स आदि कराना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही करवाचौथ के दिन सजने के लिए भी बुकिंग हो चुकी है। पार्लरों में भी लुभावने ऑफर दिए जा रहे हैं।
त्यागी रोड पर ब्यूटी पार्लर चलाने वाली राखी मलिक ने बताया कि फेशियल के साथ मेनीक्योर तो मसाज के साथ पेडीक्योर जैसे ऑफर करवाचौथ के लिए रखे गए हैं।
बताया कि मेहंदी की बुकिंग एक दिन पहले के लिए महिलाओं ने कराई है। करवाचौथ पर अधिकतर महिलाएं अब पार्लर में ही सजना पसंद करती है।