जेपी जोशी यौन शोषण प्रकरण में ब्लैकमेल करने के आरोपियों की लिस्ट बढ़ रही है। मंगलवार को एक और शख्स का नाम सामने आया है। पुलिस ने इस युवक से पूछताछ भी की है। लेकिन उसने पुलिस को सीधे कुछ ठोस जानकारी नहीं दी है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस इस युवक के खिलाफ ठोस सबूत एकत्र करने में लगी है। जेपी जोशी को सीडी सार्वजनिक करने की धमकी देने वालों के साथ यह युवक भी था।
जोशी को घेरने की पूरी साजिश रची
युवक बार-बार युवती से ज्यादा जान पहचान न होने की बात कहकर खुद का बचाव करता रहा। पूछताछ में पता लगा है कि ब्लैकमेलरों ने जेपी जोशी को घेरने की पूरी साजिश रची थी। शुरुआत में पीड़ित युवती को भी ब्लैकमेलरों ने अपनी रणनीति पता नहीं लगने दी।
कैमरा देने के बाद युवती को पूरी साजिश समझाई गई। पुलिस ने रितु कंडियाल और उनके संपर्कों के बारे में भी युवक से पूछताछ की। युवक ने रितु से भी पहचान न होने की बात कही है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि युवक कई बातें झूठ बोल रहा है। पुलिस टीम युवक से आगे फिर पूछताछ करेगी। पुलिस अभी युवक का नाम सार्वजनिक करने से कतरा रही है।
रितु भी कर रही अरेस्टिंग स्टे की कोशिश
सूत्रों के अनुसार, रितु कंडियाल भी नैनीताल हाईकोर्ट से अरेस्टिंग स्टे लेने की कोशिश में है। इसके लिए रितु ने नैनीताल में अधिवक्ताओं से संपर्क भी साधा है।
पुलिस जांच में पूरे प्रकरण में संलिप्तता सामने आने के बाद से रितु अधिवक्ताओं से मशविरा कर रही है। रितु को आशंका है कि पुलिस उसे पूछताछ के बहाने बुलाकर गिरफ्तार कर लेगी। इस बीच, पीड़ित युवती ने खुद की जान को खतरे बात दुहराई है। युवती ने पुलिस सुरक्षा की मांग भी की है।