उत्तराखंड में रात्रिकालीन हवाई सेवाओं के विस्तार को पंख लगने लगे हैं। एयर इंडिया के बाद अब 31 मार्च से जेट एयरवेज अपनी रात्रि सेवा शुरू करने जा रही है।
राज्य के पर्यटन में इजाफा होगा
इसके बाद जौलीग्रांट एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले लोगों के पास रात में भी विकल्प मौजूद होगा। रात्रिकालीन सेवा शुरू होने से राज्य के पर्यटन में भी इजाफा होगा।
मौजूदा समय में जेट एयरवेज का विमान दोपहर 12 बजे लैंड करने के बाद 12:30 पर दिल्ली के लिए उड़ान भरता है, जबकि उसकी दूसरी फ्लाइट 2:30 पर एयरपोर्ट पहुंचती है, जो 3 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरती है।
जेट एयरवेज के स्थानीय प्रबंधक वरूण सूरी ने बताया कि 31 मार्च से विमान 7:30 बजे जौलीग्रांट पहुंचेगा और ठीक आठ बजे वापसी की उड़ान भरेगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
एयर इंडिया पहले ही शुरु कर चुका है रात्रिसेवा
एयर इंडिया 25 फरवरी से पहले ही अपनी रात्रिकालीन सेवा शुरू कर चुका है। कंपनी का विमान 7 बजे एयरपोर्ट पहुंचता है, जबकि 7:30 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरता है।
एयर इंडिया की रात्रिकालीन सेवा शुरू होने से पहले जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राजकीय और मिनी विमान ही नाइट लेंडिंग का लाभ उठा रहे थे। रात में आवाजाही करने वाले यात्रियों की अच्छी खासी तादाद हो गई है।
आगामी टूरिस्ट सीजन में यात्रियों की संख्या में और वृद्धि होने के आसार हैं। ऐसे में रात्रिकालीन सेवाओं के बढ़ने से राज्य के पर्यटन को भी लाभ मिलने की संभावना है।