थाना कैंपटी के चौकी नैनबाग के पाब गांव जाने वाली सड़क पर एक जेसीबी मशीन गहरी खाई में गिर गई। हादसे में जेसीबी चालक और सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोग की मदद से घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जेसीबी सवार व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष कैंपटी नवीन चंद्र जुराल ने बताया कि पाब गांव जाने वाली सड़क पर जेसीबी मशीन से चालक सफाई कार्य कर रहा था। सफाई करके लौटते समय पाब रोड के मशोन बैंड के पास पुश्ता और जमीन धंसने से जेसीबी मशीन करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चालक संदीप (20) निवासी होशियारपुर पंजाब और जेसीबी सवार रमेश कैंतूरा (35) निवासी पाब थाना कैंपटी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नैनबाग लाया गया। जहां स्थानीय निवासी रमेश कैंतूरा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक का पंचनामा भर दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।