नड्डा ने जम्मू कश्मीर में गुपकर गैंग को लेकर भी कटाक्ष किए। बोले, ये गुपकर गैंग क्या? इस पर रोशनी डालनी चाहिए। क्या है ये रोशनी? जब तक अनुच्छेद 370 नहीं हटा था। वहां एंटी करप्शन एक्ट लागू नहीं था। दलितों को आरक्षण नहीं था। आदिवासियों को राजनीतिक आरक्षण नहीं था।
पाकिस्तान से लौटे भारत में बसे लोगों को वोट देने का अधिकार नहीं था। वहां अभी तक पंचायत को सीधा पैसा नहीं जाता था। आज वहां के लोगों को आजादी है। अब वहां एंटी करप्शन एक्ट लागू हुआ है। अब वहां भ्रष्टाचार पर रोशनी पड़ने लगी है।
इसलिए ये लोग गैंग तो बनाएंगे ही, क्योंकि अब तो इन पर प्रवर्तन के सभी कानून लागू हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में एक भी गुनाहगार नहीं बचेगा। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने की। मंच पर राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम और सह प्रभारी रेखा वर्मा भी मौजूद थे।