ग्रामीणों की ओर से तोड़फोड़ और पथराव करने के बाद सैन्य क्षेत्र से गुजरने वाले भंगेड़ी के रास्ते को सेना ने पूरी तरह से बंद कर दिया है। जवानों ने रास्ता बंद करने के लिए दस फीट गहरा गड्ढा खोद दिया है। अब इस रास्ते से आवाजाही पूरी तरह बंद है। वहीं, पुलिस ने ग्रामीणों को चेतावनी दी कि अगर दोबारा बवाल किया तो बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो से हमलावरों की पहचान
शनिवार देर रात ग्रामीणों की ओर से किए गए बवाल का सेना के जवानों ने मोबाइल से वीडियो बनाया था। उन्होंने वीडियो पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस वीडियो के आधार पर बवाल करने वालों को चिह्नित कर रही है। वहीं, पुलिस की कार्रवाई से ग्रामीणों में खलबली मची हुई है। कई ग्रामीण घरों से फरार होकर रिश्तेदारी में पहुंच गए हैं।
इंस्पेक्टर की सूझबूझ से बचा बड़ा बवाल
भंगेड़ी गांव के रास्ते पर बवाल की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर राजेश साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सेना के अधिकारियों और जवानों को गेट से बाहर नहीं निकलने की अपील की। साथ ही आक्रोशित सेना के जवानों को शांत किया। साथ ही भरोसा दिलाया कि अब ग्रामीण कुछ नहीं करेंगे। इसके बाद ग्रामीणों को भी चेतावनी दी कि अगर कुछ किया तो पुलिस सख्ती करेगी। इस तरह इंस्पेक्टर की सूझबूझ से बड़ा बवाल होने से बच गया।