जल निगम, जल संस्थान लाल झंडा मजदूर यूनियन ने कर्मियों की कई मांगों पर कार्रवाई न होने पर आक्रोश जताते हुए नौ मई को मुख्यालय में धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी।
यूनियन के महामंत्री लक्ष्मी नारायण भट्ट ने कहा कि कर्मियों की कई ऐसी समस्याएं हैं, जो सालों से लंबित पड़ी हैं। प्रबंधन समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा, जिससे कर्मियों में आक्रोश है। नियमित फील्ड कर्मचारी से कनिष्ठ सहायक में पदोन्नति में काफी गलती हुई, इसलिए इसे सुधारने की जरूरत है। कहा कि यूनियन मांग करता है कि टंकण की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाए। साथ ही उन्होंने नियमितीकरण में हुई गलतियों को सुधारते हुए नियमितीकरण की तारीख से सुपरवाइजर का पद देने और आश्रितों की नियुक्तियों में हुई त्रुटियों को भी सुधारने की मांग की। कहा कि अगर जल्द ही कार्रवाई नहीं होती, तो यूनियन नौ मई से मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन को बाध्य होगा। इस दौरान विशेष शर्मा, संतोष कुमार, मनोज कुमार, ऊषा यादव, शीशपाल, सूरज पाल आदि मौजूद रहे। मा.सि.रि.