शासन ने हल्द्वानी अभिसूचना के एसपी यशवंत सिंह को चमोली का पुलिस अधीक्षक बनाकर भेजा है। वहीं एएसपी कमलेश उपाध्याय को एसपी सिटी हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है।
शासन ने सोमवार को दो आईपीएस और चार अपर पुलिस अधीक्षकों के कार्य क्षेत्र में फेरबदल किया है। पुलिस मुख्यालय में तैनात एसपी अपराध प्रीति प्रियदर्शनी को एसपी अभिसूचना हल्द्वानी बनाकर भेजा गया है। वहां तैनात एसपी यशवंत सिंह को एसपी चमोली की जिम्मेदारी दी गई हैं।
आईपीएस डॉ.मंजूनाथ टीसी का हाईकोर्ट द्वारा चमोली एसपी का तबादला निरस्त करने के बाद से यह पद खाली था। हरिद्वार की एसपी सिटी ममता वोहरा को पुलिस मुख्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक कानून व्यवस्था बनाकर भेजा गया है।
वहीं ऊधमसिंह नगर की एएसपी कमलेश उपाध्याय को एसपी सिटी हरिद्वार नियुक्त किया गया है। विजिलेंस के एएसपी प्रमोद कुमार को ऊधमसिंह नगर में एसपी यातायात बनाया गया है। विजिलेंस पौड़ी सेक्टर की अपर पुलिस अधीक्षक रेनू लोहनी को अपर पुलिस अधीक्षक विजिलेंस मुख्यालय के पद पर भेजा गया है।