गढ़वाल मंडल विकास निगम लिमिटेड व पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक से सात मार्च तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का प्रदेश के राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने समापन किया। कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि योग का मतलब जोड़ना है। योग पूरे विश्व को भारत की ओर से दिया गया अमूल्य उपहार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को पूरे विश्व में एक नई पहचान दी है। युवाओं को योग को आत्मसात करना चाहिए। तभी हम विकसित भारत का निर्माण कर सकते हैं। योग एक साधना ही नहीं, बल्कि एक संस्कृति है, जो कि ऋषि मुनियों ने कठिन तप से प्राप्त की है।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्रों ने मुख्य अतिथियों के सामने विभिन्न यौगिक मुद्राएं कर दर्शकों की जमकर तालियां बटोरीं। इसके बाद विश्वविद्यालय के दीपांशु और नितिन ने वस्त्रद्योती कर 22 फीट के कपड़े को मात्र 15 सेकेंड में हैरतंगेज कारनामा किया। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि योग की शक्ति से ही हम भारत को विश्व गुरु बना सकते हैं। आज विश्व में फैल रही वैश्विक बीमारियों से हमें योग ही बच सकता है। वह खुद जब कोरोना संक्रमित हुए तो उन्होंने भी योग का सहारा लिया। नित्य प्रणायाम कर उन्हें बीमारी से उबरने में काफी मदद मिली।
वन मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि योग अब देवभूमि उत्तराखंड से पूरी दुनिया में आम लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन गया है। पश्चिमी देशों ने भी योग के महत्व को स्वीकार करते हुए योग को अपनाया है। यही वजह है कि 21 जून को पूरा विश्व अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है। विधान सभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश योग की धरती है और यहां से बहती हुई गंगा की तरह योग पूरी दुनिया में प्रवाहित हो रहा है। इससे पूर्व प्रात:कालीन संध्या और दोपहर में भोजनावकाश से पूर्व कई यौगिक सत्रों का आयोजन किया गया। इस दौरान समारोह में शामिल होने आए योग साधकों में मां गंगा के तट पर विभिन्न योगिक क्रियाएं कर फोटो और वीडियो सूट की भी होड़ लगी रही।
इस मौके पर बोसनियां के उच्चायुक्त मोहम्मद शिनजिक, नोर्थ मेसोडोनिया के राजदूत नेहथ ईमिनी, फिजी के उच्चायुक्त कमलेश शशि प्रकाश और त्रिनिदाद एंड टैबगो के राजदूत डॉ. रोजर गोपाल ने भी योग, गंगा और उत्तराखंड की संस्कृति पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस मौके पर नगर निगम मेयर अनिता ममगाईं, सचिव पर्यटन दिलीप जावलकार, डीएम टिहरी ईवा आषीष श्रीवास्तव, गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक आशीष चौहान, टिहरी एसएसपी तृप्ति भट्ट, महाप्रबंधक (पर्यटन), जितेंद्र कुमार, महाप्रबंधक (प्रशासन) अवधेष कुमार सिंह, महाप्रबंधक (वित्त) अभिषेक कुमार आनंद, नरेंद्रनगर उपजिलाधिकारी युक्ता मिश्रा आदि मौजूद थे।
राज्यपाल ने दिया स्मृति चिह्न
जीएमवीएन के योग महोत्सव में अपना सहयोग देने पर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने उत्तराखंड संस्कृत विश्व विद्यालय के प्रोफेसर डा. लक्ष्मी नारायण जोशी, श्री हेमकुंड गुरुद्वारा के व्यवस्थापक दर्शन सिंह और स्वामी नारायण आश्रम के स्वामी सुनील भगत को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।