ग्राम ढ़करानी में घर के बाहर खेल रहा एक चार साल का मासूम लापता हो गया। शक्ति नहर के किनारे से बच्चे की चप्पल मिलने के चलते परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर उसके नहर में गिर जाने की आशंका जताई। हरबर्टपुर पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन देर शाम तक बच्चे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
घटनाक्रम के मुताबिक पांवटा रोड स्थित शक्ति नहर के पुल से कुछ ही दूरी पर निवास करने वाले ढ़करानी निवासी मासूम अली का चार साल का बेटा सादिक अपने घर के बाहर खेल रहा था। काफी देर तक जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शक्ति नहर के किनारे पर बच्चे की चप्पल मिलने से उसके नहर में गिर जाने की आशंका के चलते परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीआरएफ व हरबर्टपुर पुलिस की टीम ने नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। दिनभर की मशक्कत के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं लग पाया। हरबर्टपुर पुलिस चौकी प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह एक बार फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।