रविवार को लैंसडौन में गढ़वाल राइफल रेजिमेंट मुख्यालय के जसवंत सिंह परेड ग्राउंड में गढ़वाल राइफल्स के 227 रिक्रूट भारतीय सेना का हिस्सा बन गए।
जोश और जज्बे से भरपूर सैनिकों को कमान अधिकारी ब्रिगेडियर इंद्रजीत चटर्जी ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
रविवार को गढ़वाल राइफल के रिक्रूटों को शपथ दिलाते हुए ब्रिगेडियर इंद्रजीत चटर्जी ने रेजिमेंट की गौरवमयी परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने एवं देश व सेना का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
ब्रिगेडियर ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। सलामी लेने वालों में डिप्टी कमांडेंट कर्नल विजय, जीएसओ वन ले. कर्नल मंदार जोगलेकर भी शामिल थे। सेना में भर्ती होने के बाद चले 34 सप्ताह के प्रशिक्षण के बाद बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पुनरीक्षक अधिकारी ने सम्मानित किया।
ओवर आल प्रदर्शन में हिमांशु सिंह को स्वर्ण पदक, गंभीर सिंह को रजत के साथ सर्वश्रेष्ठ ड्रिल के लिए भी पदक दिया गया। जबकि अजय रावत को कांस्य पदक दिया गया। रेजिमेंट की क्रियाकलापों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को भी पुनरीक्षक अधिकारी ने सम्मानित किया।
जिसमें सर्वश्रेष्ठ फायरिंग के लिए दीपक कुमार को मेडल दिया गया। जबकि इको कंपनी 23 बैच को सर्वश्रेष्ठ टुकड़ी का खिताब दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान उनके अनुदेशकों सूबेदारों को प्रशस्ति पत्र दिए गए।