जस्टिस पीपी भट्ट ने बताया कि फिलहाल यह योजना बनाई गई है कि महीने में किन्हीं पांच दिन सर्किट बेंच में जज उपलब्ध होंगे। हालांकि अपीलों की संख्या बढ़ने पर दिनों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है। भविष्य में यह पूर्ण बेंच बनाने की भी योजना है।
ट्रिब्यूनल भी लंबित वादों को लेकर चिंतित
इनकम टैक्स अपीलेंट ट्रिब्यूनल को देश की सबसे पुरानी ट्रिब्यूनल माना जाता है। इसके अध्यक्ष जस्टिस पीपी भट्ट भी इसमें लंबित 89 हजार वादों से चिंतित हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में ट्रिब्यूनल में 126 सदस्यों के पद हैं, जिनमें से 41 पद खाली हैं। दिल्ली ट्रिब्यूनल में सबसे ज्यादा करीब 24 हजार वाद लंबित हैं। मुंबई में करीब 16 हजार वाद लंबित हैं। पुणे, अहमदाबाद, बंगलूरू, कोलकाता और चेन्नई की ट्रिब्यूनल में लंबित वाद परेशानी बने हुए हैं। सरकार की ‘विवाद से विश्वास’ योजना आने के बाद यह परेशानी कम होने की उम्मीद है।