उत्तराखंड सरकार ने देहरादून समेत पांच जिलों के जिला मजिस्ट्रेट समेत नौ आईएएस का तबादला आदेश जारी कर दिया। रविनाथ रमन देहरादून के नए डीएम होंगे। रमन की देहरादून में बतौर जिला मजिस्ट्रेट यह दूसरी पारी होगी।
रविनाथ रमन 2004 बैच के आईएएस हैं। वह बहुगुणा सरकार में करीब आठ महीने दून के डीएम रहे थे। डीएम दून चंद्रेश यादव को रमन के स्थान पर शासन में अपर सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति के पद पर भेजा है।
शासन में तैनात अपर सचिव पीडब्ल्यूडी अरविंद सिंह ह्यांकि नए डीजी सूचना व अपर सचिव सूचना बनाए गए हैं। यह जिम्मेदारी अभी तक रविनाथ रमन के ही पास थी। ढाई साल से डीएम चमोली के रूप में तैनात 2005 बैच के आईएएस एस मुरूगेशन को हरिद्वार अर्द्धकुंभ-2016 के लिए मेला मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। मेला मजिस्ट्रेट के साथ ही हरिद्वार विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का चार्ज भी मुरूगेशन के पास रहेगा।