देहरादून नगर निगम ने शहर में कई भवन स्वामियों का ब्लड प्रेशर बढ़ा दिया है।
आधे शहर के लोगों को पिछले 13 साल के हाउस टैक्स का बिल थमा दिया गया है। जबकि अधिकांश लोग हर साल टैक्स जमा कर रहे हैं। कई परिवारों को तो दस हजार रुपए तक का बिल मिला है।
सालाना हाउस टैक्स करीब 700 रुपए
औसतन एक भवन का सालाना हाउस टैक्स करीब 700 रुपए का होता है। डालनवाला, आराघर, सर्वे चौक, अधोईवाला और धर्मपुर क्षेत्र में लोगों को शनिवार और रविवार को बिल मिला तो उनके होश उड़ गए। कई लोगों का हाउस टैक्स 2002 से बकाया दिखाया गया है।
डालनवाला इंद्र रोड निवासी जितेंद्र कुमार हनेरी ने बताया कि वे हर साल हाउस टैक्स जमा कर रहे हैं, लेकिन उन्हें 13 साल का बिल भेजा गया है। बिल कंप्यूटराइज्ड नहीं बल्कि मैन्युअल है। अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी ही शिकायतें सामने आई हैं।
रविवार होने के कारण लोगों ने फोन पर मेयर विनोद चमोली से इस संबंध में शिकायत की। इस मामले में मेयर ने कहा कि हो सकता है कि बिल तैयार करने में गड़बड़ी हुई है। लोग नगर निगम आकर बिल ठीक करा सकते हैं।