एक लाख परिवारों पर बढ़े हुए हाउस टैक्स की मार पड़ेगी। दरों में सालाना 90 से 450 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है। यह इजाफा 200 वर्ग फीट (कारपेट एरिया) के हिसाब से हो सकता है। नई दरें 15 सितंबर तक लागू होने की संभावना है। नगर निगम वर्ष 2014 के बाद हाउस टैक्स की दरों को बढ़ाने जा रहा है। आपत्तियों की सुनवाई के बाद अब नए सिरे से हाउस टैक्स की दरें लागू करने की कवायद शुरू हो गई है। निर्धारित दरों को इस वित्तीय वर्ष की शुरुआत से लागू माना जाएगा।
नगर निगम प्रशासन की ओर से कूड़ा उठान, सफाई आदि पर सालाना 10 करोड़ से अधिक खर्च किया जाता है। ऐसे में हाउस टैक्स बढ़ाना जरूरी है। शहर की आबादी साढ़े सात लाख है, जबकि आवासीय करदाताओं की संख्या अभी केवल एक लाख है। हालांकि निगम प्रशासन शेष करदाताओं को जोड़ने के लिए जल्द ही सर्वे कराने जा रहा है। नए करदाताओं से भी नई दरों के हिसाब से हाउस टैक्स वसूला जाएगा।
नई दरों से राजस्व में होगी बढ़ोतरी
पिछले वित्तीय वर्ष में नगर निगम ने आवासीय करदाताओं से करीब 20 करोड़ रुपये हाउस टैक्स वसूला था। जिसके चलते इस बाद इस वित्तीय वर्ष में 25 करोड़ रुपये टैक्स वसूलने का लक्ष्य रखा गया है। नई दरों के लागू होने के बाद इसमें और इजाफा होने की संभावना है।
वृद्धि को ऐसे समझें
उदाहरण के लिए राजपुर रोड में 500 वर्ग फीट (कारपेट एरिया) भवन पर 1.5 रुपये प्रति वर्गफुट प्रतिमाह के हिसाब से प्रॉपर्टी की सालाना वैल्यू नौ हजार रुपये आती है। जिस पर नगर निगम की ओर से 12.5 प्रतिशत के हिसाब से 1125 रुपये हाउस टैक्स वसूला जाता है। ऐसे में अगर इतने ही कारपेट एरिया पर प्रस्तावित दर 2.1 रुपये प्रति वर्गफुट प्रतिमाह लागू होने की स्थिति में प्रॉपर्टी की सालाना वैल्यू 12,600 रुपये हो जाएगी। ऐसे में भवन स्वामी को 12.5 की दर से सालाना 450 रुपये अतिरिक्त हाउस टैक्स देना होगा।
हाउस टैक्स की वर्तमान दर
कारपेट एरिया मासिक दर वार्षिक मूल्य भवन कर
200 0.75 1800 225
300 1 3600 450
400 1.25 6000 750
500 1.5 9000 1125
(मासिक दर प्रति वर्गफुट प्रतिमाह के हिसाब से)
हाउस टैक्स की प्रस्तावित दर
कारपेट एरिया मासिक दर वार्षिक मूल्य भवन कर
200 1.05 2520 315
300 1.4 5040 630
400 1.75 8400 1050
500 2.1 12600 1575
(मासिक दर प्रति वर्गफुट प्रतिमाह के हिसाब से)
हाउस टैक्स की नई दरों को लेकर कार्यवाही चल रही है। 15 सितंबर तक अंतिम निर्णय लिए जाने की उम्मीद है। हाउस टैक्स की नई दरें इसी वित्तीय वर्ष से लागू हो जाएंगी। नगर निगम की नियमावली के तहत यह बढ़ोतरी की जा रही है।
- विजय कुमार जोगदंडे, नगर आयुक्त