हेमकुंड साहिब में भारी बर्फबारी होने से धाम के दर्शन को जा रहे फंसे करीब 6500 तीर्थयात्री बुधवार की सुबह हेमकुंड को रवाना हो गए हैं। फिलहाल, हेमकुंड साहिब में मौसम साफ है। फंसे यात्रियों को सुबह साढ़े सात बजे धाम के लिए रवाना किया गया।
मंगलवार को भारी बर्फबारी होने से धाम के दर्शन को जा रहे करीब 6500 तीर्थयात्रियों को रास्ते में ही रोक लिया गया। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी गोविंदघाट ने कहा था कि बुधवार को मौसम साफ होने पर ही इन तीर्थयात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी।
मंगलवार को बर्फबारी होने से पहले करीब 800 तीर्थयात्रियों ने हेमकुंड साहिब के दर्शन किए। धाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने गोविंदघाट और घांघरिया में लाउडस्पीकर लगाकर तीर्थयात्रियों से गर्म कपड़े पहनने, स्नो सूज साथ लाने और सर्दी-जुकाम, सीने में दर्द, सिर दर्द की दवाइयां साथ लाने की अपील की है।
मंगलवार को तड़के हेमकुंड साहिब में आंशिक बर्फबारी होने के बाद सुबह आठ बजे से 11 बजे तक बर्फबारी थमी रही। फिर 11 बजे से शाम चार बजे तक जमकर बर्फबारी होने से यात्रा भी प्रभावित हो गई। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी गोविंदघाट ने हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे करीब 6500 तीर्थयात्रियों को गोविंदघाट और घांघरिया में ही रोक लिया था।
तीर्थयात्रियों की सुरक्षा करेंगे एसडीएफ के जवान
मंगलवार को शाम चार बजे बाद बर्फबारी बंद होने पर आंशिक रुप से आसमान भी साफ हुआ। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि 3000 तीर्थयात्रियों को गोविंदघाट और करीब 3500 को घांघरिया में रोक लिया गया था। हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई, लेकिन स्थिति सामान्य है।
घांघरिया से हेमकुंड साहिब मार्ग सुचारु था। तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें सुरक्षित पड़ावों में रोक लिया गया था।
बोले अधिकारी
मंगलवार को हेमकुंड साहिब में मौसम खराब रहा। यहां निचले क्षेत्र तक बर्फबारी हुई है जिससे तीर्थयात्रियों को गोविंदघाट और घांघरिया रोक लिया गया है। मंगलवार को बर्फबारी से पहले आठ सौ तीर्थयात्री दर्शन कर हेमकुंड से लौट चुके थे। मौसम साफ होने पर तीर्थयात्रा भी सुचारु हो जाएगी।
-अशोक कुमार, डीएम, चमोली
हेमकुंड साहिब यात्रा का पैदल मार्ग बिल्कुल सही है। यहां बर्फबारी तो हुई, लेकिन यात्रा मार्ग पूरी तरह से खुला हुआ है। तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए यात्रा मार्ग पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस और एसडीआरएफ के जवान तैनात किए गए हैं।
-सुनील कुमार मीणा, एसपी, चमोली