चुड़ियाला गांव स्थित सीएमडी इण्टर कालेज के खेल मैदान में अचानक हेलीकाप्टर की लैंडिंग से अफरातफरी मच गई। इससे पहले की वहां लोगों की भीड़ जमा होती लगभग पांच मिनट बाद हेलीकाप्टर ने दुबारा उड़ान भर दी। बिना सूचना हेलीकाप्टर की लैंडिंग को लेकर दिन भर चर्चा होती रही।
जानकारी के अनुसार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे देहरादून की ओर से आ रहा एक हेलीकॉटर अचानक सीएमडी इंटर कालेज के मैदान में उतर गया। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने बताया की हेलीकाप्टर के अंदर से कोई भी आदमी बाहर नहीं निकला। गनीमत यह रही कि उस समय खेल मैदान मे कोई भी मौजूद नहीं था, वरना इस मैदान पर अक्सर बच्चे खेलते रहते हैं।
उस समय स्कूल के सभी बच्चे प्रार्थना स्थल पर प्रार्थना कर रहे थे। हेलीकॉप्टर देखने के लिए ग्रामीण दौड़ते नजर आये। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना कालेज के प्रबंधन दुष्यंत त्यागी को दी, लेकिन जैसी ही वे वहां पहुंचे तब तक हेलिकॉप्टर उड़ान भरकर जा चुका था। लोग एक दूसरे से इसकी जानकारी लेते रहे कि कौन आ रहा है लेकिन किसी को कुछ नहीं पता चल पाया। इस संबंध में तेज्जुपुर चौकी प्रभारी रमेश नेगी का कहना है की उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नही है।